Oct 30 2026 / 6:36 PM

हिदायत के बाद अग्नि सुरक्षा प्रबंध नही करने पर दो व्यवसायिक संस्थानों को किया गया सील

जिला प्रशासन द्वारा अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर होटलों और अन्य संस्थानों के जांच की मुहिम जारी
व्यवसायिक संस्थानों में तुरन्त ही करें अग्नि शमन की पर्याप्त व्यवस्था- नहीं करने वाले संस्थानों को किया जायेगा सील

इंदौर। इंदौर में अग्नि शमन व्यवस्थाओं में सुधार के लिये कारगर प्रयास किये जा रहे है। जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष सिंह के निर्देशन में आज जिला प्रशासन की टीम द्वारा दो व्यवसायिक संस्थानों को सील किया गया है। अन्य व्यवसायिक संस्थानों को भी चेतावनी दी गई है कि वे अपने-अपने संस्थानों में तुरन्त ही अग्नि शमन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर ले नहीं तो उन्हें भी सील करने की कार्यवाही की जायेगी।

आज जो दो संस्थानों को सील किया गया है उनमें रेती मंडी चौराहा डी मार्ट के पीछे स्थित होटल सेंसेशन और भिचोली मर्दाना स्थित लोटस शोरूम शामिल है। एसडीएम राऊ श्री विनोद राठौर ने बताया कि फायर सुरक्षा को लेकर की जा रही जांच के अनुक्रम में रेती मंडी चौराहा डी मार्ट के पीछे होटल सेंसेशन का गत 24 मार्च को फायर सेफ्टी के संबंध में निरीक्षण किया गया था। अग्नि शमन यंत्र एवं फायर सुरक्षा व्यवस्था ना होने के कारण नोटिस जारी कर व्यवस्था ठीक करने हेतु निर्देशित किया गया था। आज दिनांक को पुनः निरीक्षण किए जाने पर चेतावनी के बावजूद भी इस होटल द्वारा अग्नि शमन व्यवस्था को दुरुस्त नही कराया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए एसडीएम राऊ श्री विनोद राठौर, नायब तहसीलदार श्री धीरेश सोनी और प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त अमले द्वारा होटल सेंसेशन को सील किया गया।

इसी तरह आज भिचोली मर्दाना स्थित लोटस शोरूम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अग्नि शमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से शोरूम को सील किया गया। एसडीएम श्रीमती कल्याणी पांडे ने बताया कि लोटस शोरूम को गत 28 मार्च को नगर निगम द्वारा नोटिस दिया जाकर पर्याप्त अग्नि शमन व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया था, परन्तु अग्नि शमन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। उक्त भवन G+3 है, परंतु आग बुझाने के अपर्याप्त साधन हैं।

Share With

मध्यप्रदेश