Oct 29 2026 / 1:10 AM

“मामा जी, मेरा, डॉक्टर बनने का सपना आपने पूरा किया”

मुख्यमंत्री निवास में कु. अपर्णा साहू ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट कर माना आभार

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को भोपाल में रहने वाली बालिका सुश्री अपर्णा साहू ने बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बताया है। सुश्री अपर्णा ने मुख्यमंत्री से प्राप्त हौसले और मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का लाभ लेकर नीट के माध्यम से एमबीबीएस कोर्स के लिए चुने जाने पर मुख्यमंत्री का आभार माना है।

आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री श्री चौहान से अपर्णा ने भेंट कर उन्हें प्राप्त उपलब्धि से अवगत करवाया और स्मार्ट सिटी पार्क में मुख्यमंत्री के साथ पौध-रोपण भी किया। सुश्री अपर्णा ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को लिखी पाती और बधाई पत्र प्रत्यक्ष रूप से भेंट किया। कु.अपर्णा साहू द्वारा लिखी पाती इस प्रकार है:

भांजी की पाती मामा के नाम

आदरणीय मामा जी,

मैं अपर्णा साहू, आयु 18 वर्ष एस. ओ. एस. बालग्राम की बालिका हूँ। मामा जी आपको मुझे यह बताते हुए अत्यंत हर्ष महसूस हो रहा है कि मैंने NEET-2023 को उत्तीर्ण किया है तथा मुझे MBBS में अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में सीट आंवटित हुई है। मामा जी, मेरा डॉक्टर बनने का बचपन का सपना आपके आशीर्वाद से पूर्ण होने जा रहा है। यदि आपकी “मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना” न होती तो मेरे और मेरी संस्था के लिए मेडिकल शिक्षा का शुल्क वहन करना असंभव होता। मामा जी आप हमारे जैसे सभी बच्चों के लिए उम्मीद की किरण हैं। आपके आहवान “बच्चों तुम मेहनत करो, तुम्हारे मामा हमेशा तुम्हारे साथ है,” से हमें हौसला मिलता है।

मामाजी, मैं आपके इस उपहार, जिसने मेरी जिन्दगी में रोशनी भर दी है, के लिए हमेशा आभारी रहूँगी तथा आपका आशीर्वाद हमेशा यूँ ही हम सभी बच्चों पर बना रहे। साथ ही मैं आपसे वादा करती हूँ कि डॉक्टर बनने के बाद मैं समाज सेवा कर अपना कर्तव्य पूरा करूँगी।

Share With

मध्यप्रदेश