Oct 28 2026 / 4:58 PM

पीएम के साथ मुख्यमंत्रियों की बैठक में बोले अमित शाह- ये लंबी लड़ाई है, हमको धैर्यपूर्वक लड़ना है

नई दिल्ली। कोरोनावायरस के चलते हुए लॉकडाउन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लॉकडाउन की स्थितियों की समीक्षा और भविष्य की योजना तैयार करने के मकसद से मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।

इस बैठक में मौजूद लोगों में राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अतिरिक्त गृहमंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और पीएमओ और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी शामिल रहे। इस लॉकडाउन की अवधि के बीच सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री की यह चौथी बैठक रही।

बैठक में सबसे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी बात रखी। अमित शाह ने सभी मुख्यमंत्रियों से अपील की कि जहां पर भी लॉकडाउन भंग हो रहा है, वहां उन्हें तुरंत रोकने का प्रयास करना चाहिए। पीएम मोदी के ‘जान भी जहान भी’ के मार्गदर्शन पर सब आगे बढे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये लड़ाई लंबी है धैर्य के साथ लड़नी पड़ेगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस से अब तक 872 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 27,892 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,396 नए मामले सामने आए हैं और 48 लोगों की मौत हुई है।

हालांकि, थोड़ी राहत वाली बात यह है कि इस बीमारी से अब तक 6,185 मरीज ठीक को चुके हैं। 24 घन्टे में 381 लोग ठीक हुए हैं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन लगाया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश