नाराज किसानों ने किया चक्काजाम, समय पर नहीं हो पा रहा गेहूं का उपार्जन

देवास। नागुखेड़ी स्थित वेयर हाउस पर गेहूं का उपार्जन समय पर नहीं होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को उज्जैन रोड पर चक्काजाम कर दिया, वे ट्रैक्टर-ट्राली लगाकर सडक़ पर बैठ गए। इस दौरान दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। करीब 1 घंटे तक हुए चक्का जाम के दौरान कई वाहन चालक परेशान होते रहे। दरअसल, समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी का दौर जारी है, लेकिन सिया में स्थित सायलों की क्षमता पूर्ण होने के बाद अब शहर के अन्य छोटे वेयर हाउसों में किसानों की गेहूं की उपज खरीदकर रखी जा रही है। लेकिन, समय पर किसानों की उपज तुलाई नहीं होने से किसान नाराज हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उज्जैन रोड स्थित नागुखेड़ी वेयर हाउस में उपार्जन को लेकर काफी समस्या आ रही है। हम्मालों द्वारा उपार्जन के लिए रुपए की मांग भी किसानों से की जा रही है। पांच दिनों से कुछ किसान यहां खड़े हैं लेकिन उनका नंबर नहीं आ रहा है। जल्दी नंबर के लिए रुपए की मांग की जा रही है। जिसको लेकर आज हमने यहां चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक शर्मा एवं सिविल लाइन थाना प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी।
मामले में सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक शर्मा ने बताया कि उपार्जन केंद्र पर कुछ समय के लिए तुलाई रोक दी गई थी। लेबर को बुला लिया गया है। तुलाई प्रारंभ कर दी गई है। टोकन सिस्टम से ही उपार्जन का कार्य चल रहा है। आज जितने भी ट्रैक्टर है, सभी की उपज तुलाई हो जाएगी।
