अनुराग श्रीवास्तव बने विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता
नई दिल्ली। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1999 बैच के अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव को विदेश मंत्रालय का नया प्रवक्ता बनाया गया है। उन्होंने सोमवार को रवीश कुमार की जगह ली, जिन्हें अब राजदूत संबंधी असाइनमेंट पर भेजा गया है। श्रीवास्तव इससे पहले इथोपिया और अफ्रीकी यूनियन के राजदूत थे। इथोपिया के राजदूत बनने से पहले अनुराग विदेश मंत्रालय में वित्त विभाग की जिम्मेदारी देख रहे थे। वह श्रीलंका में भारतीय हाई कमीशन की पॉलिटिकल विंग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। उनके पास इंजीनियरिंग और बिजनेस मैनेजमेंट में भी डिग्री है। वे कार्पोरेट सेक्टर में भी काम कर चुके हैं। 1999 में उनका चयन इंडियन फॉरेन सर्विस के लिए हुआ। ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से डिप्लोमैटिक स्टडीज में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा है। अनुराग इससे पहले यूएन में भारत के स्थायी मिशन के सदस्य भी रह चुके हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनुराग श्रीवास्तव ने ट्वीट किया, ‘भारतीय विदेश मंत्रालय का आधिकारिक प्रवक्ता की जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। नई भूमिका में अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए मैं सभी के साथ निकटता से काम करने को लेकर आशान्वित हूं’।
