Oct 28 2026 / 9:51 AM

अब आम नागरिक को भी मिलेगा सेना में का जाने मौका!

नई दिल्ली। अब सेना में काम करने का सपना आम नागरिक का भी पूरा हो सकेगा। सेना जल्द ही आम नागरिकों को सेना में जल्द शामिल होने का मौका दे सकती है। भारतीय सेना नौकरी पर रखने के तरीके में बदलाव करने पर विचार कर रही है। अगर इस प्रस्ताव पर मुहर लगती है तो इसका जल्द ऐलान किया जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक नागरिकों में देश सेवा की भावना बढ़ाने के लिए आम लोगों को भारतीय सेना से जोड़ने के लिए टीओडी प्रस्ताव लाया गया है। इसके तहत आम आदमी तीन साल के लिए सेना में भर्ती हो सकता है। खासतौर पर अधिकारी पद के लिए मैनेजमेंट प्रोफेशनलों को आकर्षित करने की योजना है। इस योजना के माध्यम से सेना अरबों रुपये का बचत कर अपना आधुनिकीकरण कर सकेगी।

सूत्रों के मुताबिक प्रस्ताव के विस्तृत विवरण पर काम चल रहा है और ‘टूअर ऑफ ड्यूटी’ (टीओडी) या ‘तीन वर्षीय अल्प सेवा’ योजना के तहत भर्ती के प्रमुख मानदंडों में आयु और फिटनेट स्तर जैसे बिंदु होंगे। एक सूत्र ने कहा कि देश में राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना का पुनरुत्थान हो रहा है और यह प्रस्ताव उन युवाओं की भावनाओं को जगह प्रदान करने का प्रयास है जो पेशेवर तौर पर सेना में नहीं आना चाहते बल्कि कुछ समय के लिए सैन्य जीवन का अनुभव लेना चाहते हैं।

सूत्रों ने कहा कि यह प्रस्ताव सेना के व्यापक सुधारों का हिस्सा है जिस पर भारतीय सेना के शीर्ष कमांडरों के एक सम्मेलन में चर्चा होगी और उसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे सेना को आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा। वर्तमान समय में सेना शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत युवाओं को 10 साल के आरंभिक कार्यकाल के लिए भर्ती करती है जिसे 14 साल तक बढ़ाया जा सकता है।

प्रस्ताव के अनुसार टीओडी के तहत भर्ती किये जाने वाले लोगों को प्रमुख अग्रिम क्षेत्रों में योद्धा के तौर पर तैनात करने के लिए तैयार किया जाएगा और उनकी भूमिका में कोई पाबंदी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि युवा पेशेवर टीओडी के तहत आवेदन कर सकेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश