असदुद्दीन ओवैसी का संघ प्रमुख पर निशाना- भागवत बताएं कि लोग आंदोलन क्यों कर रहे हैं?
हैदराबाद। संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान ‘कोई खुश नहीं है, हर कोई विरोध कर रहा है’ पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने निशाना साधा है। ओवैसी ने सवाल पूछते हुए कहा है कि भागवत बताएं कि लोग आंदोलन क्यों कर रहे हैं? निश्चित तौर पर यह विरोध 5 ट्रिलियन इकॉनोमी वाला देश हो जाने की वजह से तो नहीं हैं।
मोहन भागवत ने शनिवार को गुजरात के अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, दुनियाभर के देश एक-दूसरे के करीब आए हैं। हालांकि इस दौरान दो विश्व युद्ध भी हो चुके हैं और तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। कहा जा रहा है कि तीसरा विश्व युद्ध तो चल रहा है, मगर दूसरे रूप में है। चारों ओर हिंसा और असंतुष्टि है।
संग प्रमुख ने आगे कहा, कोई भी खुश नहीं है। हर कोई विरोध कर रहा है। मिल मालिक और मजदूर विरोध कर रहे हैं। नौकरी देने वाले और नौकरी करने वाले कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। सरकार और जनता विरोध कर रहे हैं। छात्र और शिक्षक विरोध कर रहे हैं। हर कोई नाखुश है और असंतुष्ट है।
ओवैसी ने भागवत के इस बयान पर कहा, नए भारत में आपका स्वागत है। यह तो बेहद बुरा है कि बीजेपी के वैचारिक अभिभावक (संघ) ने भी इसे माना है। भागवत को बताना चाहिए कि लोग क्यों विरोध कर रहे हैं। यह विरोध 5 मिलियन टन इकॉनमी की वजह से तो नहीं ही है।
