Jul 27 2026 / 10:17 AM

महाराष्ट्रः पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और फिलहाल राज्य सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। रविवार रात आई रिपोर्ट में पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव हैं। इससे पहले अप्रैल में महाराष्‍ट्र के आवास मंत्री और एनसीपी के नेता जितेंद्र आव्हाड की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

न्यूमोनिया की शिकायत के चलते मंत्री को मंगलवार की रात ठाणे के अस्पताल में भर्ती किया गया था। आवास मंत्री के संपर्क में रहे सुरक्षाकर्मियों सहित 18 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। मंत्री पहले होम क्वारंटीन थे और उनकी रिपोर्ट उस समय नेगेटिव आई थी। एनसीपी चीफ शरद पवार के खास माने जाने वाले जितेंद्र ठाणे की कालवा-मुंब्रा सीट से विधायक हैं।

वहीं रविवार को महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई। राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3041 नए केस सामने आए। इसके चलते राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 50,231 तक पहुंच गई। वहीं पूरे राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना महामारी से कुल 58 लोगों की मौत भी हुई है। इससे राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1635 हो गया है।

Share With

मध्यप्रदेश