औरंगाबाद: सामूहिक नमाज पढ़ने से रोकने गई पुलिस टीम पर पथराव, 3 पुलिसकर्मी घायल
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में लॉकडाउन के चलते मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने गई पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस मामले में अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को संभाजी मार्ग पर स्थित एक मस्जिद में करीब 100 लोग नमाज पढ़ने के लिए जा रहे थे। जब पुलिस ने लॉकडाउन का हवाला देकर उन्हें रोका और अपने-अपने घर लौट जाने को कहा, तो कुछ लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं।
पथराव की खबर में मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची और वहां से लोगों को हटाया। इसके साथ ही घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पथराव में शामिल कई लोगों की तलाश की जा रही है।
बता दें कि देश भर में लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रकार के धार्मिक या मजहबी गैदरिंग की अनुमति नहीं है। ऊपर से महाराष्ट्र में स्थिति सबसे ज्यादा ख़राब है। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस के 8590 मामले सामने आ चुके हैं। पूरे भारत के कोरोना मामलों का 29% अकेले महाराष्ट्र में है।
राजधानी मुंबई की तो स्थिति सबसे बुरी है। यहाँ कोरोना के कुल 5776 मामले हैं, जो राज्य के कुल मामलों का अकेले 64% है। देश भर में कोरोना मरीजों की जितनी संख्या है, उसका लगभग 20% अकेले मुंबई में है। जहाँ ये घटना हुई, उस औरंगाबाद की स्थिति भी सही नहीं है। वहाँ अब तक 52 मामले सामने आ चुके हैं।
