बिहार: कन्हैया कुमार के काफिले पर एक बार फिर हमला
आरा। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के काफिले पर एक बार फिर पथराव हो गया। गजराजगंज के बामपाली गांव के पास जैसे ही कन्हैया कुमार के काफिले पर पथराव हुआ, काफिले में मौजूद गाड़ियां बेतहाशा भगाई गईं। इस दौरान गाड़ियों की चपेट में कई मोटरसाइकिल सवार और पैदल यात्री आ गए।
गौरतलब है कि कन्हैया कुमार की सभा रमना मैदान में होनी थी और इसी के चलते कई गाड़ियों के काफिले के साथ वे वहां जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी गाड़ियों पर पथराव होना शुरू हो गया। इस दौरान गाड़ियां रुक गईं, जिसके बाद पथराव तेजी से बढ़ गया। काफिले में मौजूद लोगों ने भी उपद्रवियों पर पत्थर फेंके।
पथराव न रुकता देख कन्हैया कुमार और उनके साथ मौजूद अन्य लोग जान बचाकर वहां से भागे। इस दौरान उनकी गाड़ियों की चपेट में कई मोटरसाइकिल सवार और पैदल यात्री आ गए। हालांकि अभी घायलों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।
कन्हैया कुमार के काफिले पर पहले भी हमला किया जा चुका है। इससे पहले मधेपुरा जिले के पास लोगों ने उनकी गाड़ियों पर पथराव कर दिया था। इससे 24 घंटे पहले भी उनकी गाड़ियों पर पथराव हुआ था। हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ था।
वहीं इन हमलों के बाद भाकपा के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने एक बयान जारी कर इस हमले के लिए आरएसएस और बीजेपी समर्थित लोगों का हाथ बताया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि यदि सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है तो जल्द ही आंदोलन किया जाएगा।
