भाजपा ने शुरू की संगठन में कसावट, बदले संभाग प्रभारी, जिलाध्यक्ष भी हटाए जाएंगे
भोपाल। रातापानी अभयारण्य में एक अक्टूबर को भाजपा कोर ग्रुप द्वारा लिए गए निर्णयों की मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में समीक्षा की गई है। इसमें विधानसभा चुनाव के तैयारियों के मद्देनजर संगठन में कसावट, राजनीतिक नियुक्तियों से लेकर 2023 के चुनाव की चुनौतियों पर विचार किया गया। सत्ता-संगठन की मजबूती और कमजोरियों पर सभी नेताओं की राय जानने के बाद पार्टी ने भोपाल सहित कुछ संभागों के प्रभारियों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में जिलाध्यक्ष भी बदले जाने पर सहमति बनी है। उल्लेखनीय है कि पिछली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष शामिल हुए थे।
बैठक में निराश कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने जैसे मुद्दों पर पार्टी नेताओं ने गंभीरता बरतने की आवश्यकता जताई। इसके लिए सत्ता-संगठन में राजनीतिक नियुक्तियों सहित बड़े नेताओं के दौरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और प्रदेश महामंत्री हितानंद, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर , ज्योरितादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल , फग्गन सिंह कुलस्ते , वीरेंद्र कुमार सहित कई नेता शामिल हुए।
संभाग प्रभारियों में बदलाव- पार्टी ने पांच संभाग प्रभारियों के कामकाज में बदलाव किया है। कविता पाटीदार को भोपाल से हटाकर जबलपुर संभाग, उज्जैन प्रभारी कांतदेव सिंह को उज्जैन से भोपाल संभाग का प्रभारी बनाया गया है। कविता पाटीदार ने संभाग प्रभारी रहते हुए प्रवास में रूचि नहीं ली। हरिशंकर खटीक को शहडोल से चंबल संभाग का प्रभारी बनाया है। बहादुर सिंह सोंधिया को चंबल संभाग प्रभारी के दायित्व से मुक्त कर दिया है। आलोक शर्मा को उज्जैन और शरदेंदु तिवारी को शहडोल का प्रभारी बनाया है। साभार-नईदुनिया
