Oct 28 2026 / 10:42 AM

नमक की कालाबाजारी करने वालों और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्यवाही: श्री भूपेश बघेल

प्रदेश में नमक की कोई कमी नहीं: छत्तीसगढ़ में नमक के पर्याप्त रेक नियमित रुप से आ रहे हैं

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत बीपीएल कार्डधारियों को नमक का सुचारु रुप से किया जा रहा है वितरण

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश में नमक की कोई कमी नहीं है। जो लोग नमक की कालाबाजारी कर रहे हैं या नमक की कमी की अफवाह फैला रहे हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नमक के पर्याप्त रेक नियमित रूप से आ रहे हैं।

इस संबंध में खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राज्य के हितग्राहियों को आवंटन के अनुसार नमक की आपूर्ति निरंतर सुचारु रुप से की जा रही है। प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्र में प्रत्येक बीपीएल कार्डधारी को 2 किलोग्राम नमक तथा सामान्य क्षेत्र के प्रत्येक बीपीएल कार्डधारी को एक किलोग्राम नमक निशुल्क वितरित किया जा रहा है।

प्रदेश में बीपीएल कार्डधारियों की कुल संख्या 56 लाख 4 हजार 653 है। इन कार्डधारियों के लिए मासिक आवंटन लगभग आठ हजार मेट्रिक टन है तथा वर्तमान में मई माह के नमक आवंटन के अनुसार नमक की कुल उपलब्धता लगभग 11 हजार 532 मेट्रिक टन है। छत्तीसगढ़ राज्य में नमक के पांच रेक शीघ्र पहुंचने वाले हैं। इनमें 20 मई को पहला रेक रायपुर में तथा दूसरा रेक बिलासपुर में पहुंचने की संभावना है। तीसरा रेक 27 मई को पहुंचने की संभावना है।

Share With

मध्यप्रदेश