भारतीय सीमा में देखे गए चीनी हेलीकॉप्टर
नई दिल्ली। चीन भारत के पीछे हाथ धो कर पड़ चुका है। वह भारत की सीमा रेखा पर लगातार घुसपैठी करने की कोशिशों में लगा है। अब चीन हिमाचल प्रदेश में भारतीय सीमा में घुसपैठी करने की कोशिश कर रहा था। हिमाचल के लाहौल स्पीति में चीन से सटी सीमा पर तैनात आईटीबीपी के अफसरों का दावा है कि चीन के हेलिकॉप्टर मई के पहले हफ्ते और अप्रैल के आखिरी सप्ताह में भारतीय सीमा में आ घुसे।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घुसपैठ मामले को राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय अधिकारियों के समक्ष उचित तरीके से उठाया गया। उन्होंने कहा कि पहली घुसपैठ 11 अप्रैल को और दूसरी 20 अप्रैल को हुई थी। दोनों घटनाओं में, एक चीनी हेलीकॉप्टर को स्पीति उपमंडल में सुमदोह के करीब अंतर्राष्ट्रीय सीमा की भारतीय सीमा में उड़ान भरते हुए देखा गया था।
बताया जा रहा है कि चीन के हेलिकॉप्टर भारत की सीमा के अंदर तकरीबन 12 किलोमीटर तक आ घुसे थे। फिर जब आईटीबीपी ने इस पर विरोध जताया तो ये चॉपर तिब्बत की ओर चले गए। गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब चीन ने भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश की हो। इससे पहले भी चीन के चॉपर भारत सीमा के अंदर देखे जा चुके हैं।
