Apr 18 2026 / 8:14 PM

दिल्ली: सीएम अरविंद केजरीवाल की तबियत खराब, कल होगा कोरोना टेस्‍ट

नई दिल्‍ली। कोरोना वायरस से जूझ रही दिल्‍ली के लिए एक और चिंताजनक खबर है। मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबियत खराब हो गई है। उन्‍हें रविवार से हल्‍का बुखार और गले में खराश है। कोरोना वायरस के रिस्‍क को देखते हुए कल उनका टेस्‍ट कराया जाएगा। सोमवार की उनकी सारी मीटिंग्‍स कैंसिल कर दी गई हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, केजरीवाल ने कल दिल्ली में कोरोना की स्थिति की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसके बाद उनकी तबीयत थोड़ी गड़बड़ हुई। ऐहतियातन उन्‍होंने खुद को होम आइसोलेशन में रखा है। केजरीवाल सरकार ने दिल्‍ली में एसिम्‍प्‍टोमेटिक और प्री-सिम्‍प्‍टोमेटिक केसेज के कोरोना टेस्‍ट पर रोक लगा रखी है। सिर्फ लक्षण वाले संदिग्‍धों का टेस्‍ट होता है।

दिल्‍ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक चैनल से बातचीत में केजरीवाल की तबीयत खराब होने की पुष्टि की। उन्‍होंने बताया कि पिछले कुछ दिन में सीएम के संपर्क में आने वालों लोगों ने सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। भारद्वाज ने कहा कि सीएम सेल्‍फ क्‍वारंटीन में हैं। कल सुबह टेस्‍ट के बाद पक्‍का पता जाएगा। मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की मीटिंग्‍स तो दूर-दूर बैठकर होती थीं। सरकारी अधिकारियों को सावधानी बरतनी चाहिए।

बता दें कि इससे पहले भाजपा प्रवक्त संबित पात्रा भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। भारत पूरी दुनिया में संक्रमण के मामले में 5वें स्थान पर आ चुका है। देश में अबतक कोरोना के कुल 2,56,611 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है। वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो देश भर में कुल 9,983 संक्रमण के मामले सामने आए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश