Oct 28 2026 / 7:55 PM

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद सीएम केजरीवाल का ट्वीट- प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने….

नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 14 अप्रैल को लॉकडाउन की अवधि खत्म होने वाली है और इससे पहले इसे आगे बढ़ाने का फैसला लगभग हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत खत्म हो गई है।

इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट से इशारा किया है कि देश में लॉकडाउन और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला बिल्कुल सही लिया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला सही लिया है। आज दुनिया के कई विकसित देशों से भारत की स्थिति बेहतर है क्योंकि हमने जल्दी लॉकडाउन किया। अगर ये अभी रोक दिया जाता है तो सभी फायदे खत्म हो जाएंगे। हमें जो फायदे हुए हैं उन्हें बरकरार रखने के लिए इसे बढ़ाना जरूरी है।

देश में लगातार बढ़ते जा रहे कोरोना मामलों के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इसमें उन्होंने सभी से लॉकडाउन को बढ़ाने समेत इस संक्रमण के निवारण के उपायों और आवश्यक कदमों पर सुझाव भी मांगा। इस दौरान सभी राज्यों ने लॉकडाउन दो हफ्ते बढ़ाने की मांग की। इस दौरान सभी मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन बढ़ाने के लिए सिफारिश की। सबका मानना है कि लॉकडाउन बढ़ाना देशहित में है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान भी लॉकडाउन बढ़ाने को कहा था ताकि कोरोना को जड़ से खत्म किया जा सके। अब जब बैठक खत्म होने के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि प्रधानमंत्री का फैसला सही है तो इससे यह पूरा भरोसा हो गया है कि 21 दिन की अवधि के बाद लॉकडाउन और बढ़ाया जाएगा।

Share With

मध्यप्रदेश