Apr 18 2026 / 5:02 PM

तमिलनाडु: सीएम पलानीस्वामी का बड़ा ऐलान, 4 जिलों में 30 जून तक लागू होगा सख्‍त लॉकडाउन

चेन्नई। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों और उससे हो रही मौतों से चिंतित तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री पलानीस्‍वामी ने सोमवार को 4 जिलों में सख्‍त लॉकडाउन का ऐलान किया है। ऐलान के अनुसार चेन्‍नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू और तिरुवल्‍लूर में यह सख्‍त लॉकडाउन लगाया जाएगा। यह सख्‍त लॉकडाउन 19 जून से 30 जून तक प्रभावी रहेगा।

इससे पहले सोमवार को हेल्‍थ एक्‍पर्ट की कमेटी ने मुख्‍यमंत्री पलानीस्‍वामी से कोविड 19 और लॉकडाउन को लेकर बातचीत की थी। कमेटी ने मुख्‍यमंत्री को सुझाव दिया था कि चेन्‍नई में कोरोना वायरस को बढ़ने से रोकने के लिए सख्‍त लॉकडाउन लगाए जाने की जरूरत है।

बता दें कि चेन्नई और उसके उपनगरों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ रहे मामलों की चिंताजनक स्थिति के मद्देनजर मद्रास उच्च न्यायालय ने 11 जून को तमिलनाडु सरकार से सवाल किया था कि वैश्विक महामारी को फैलने से रोकने के लिए कुछ दिनों के लिए पूर्णतया लॉकडाउन लागू क्यों नहीं किया जा सकता।

न्यायमूर्ति विनीत कोठारी और न्यायमूर्ति आर सुरेश कुमार ने कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के लिए तमिलनाडु सरकार के उठाए कदमों के बावजूद खासकर महानगर और उसके बाहरी इलाकों संक्रमण के मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही हैं और हालात चिंताजनक हो गए हैं।

अदालत ने सरकार के वकील वी जयप्रकाश नारायण से डिजिटल माध्यम के जरिए सुनवाई में कहा था, इसलिए हम यह जानना चाहते हैं कि क्या सरकार ने कोई विशेष योजना बनाई है जिसमें चेन्नई और उसके आस-पास के इलाकों में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कुछ दिनों के पूर्ण लॉकडाउन या कर्फ्यू पर विचार किया गया है।

बता दें कि तमिलनाडु में रविवार को कोविड-19 से और 38 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में महामारी के दौरान जान गंवाने वालों की संख्या 435 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस अवधि में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,974 मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दैनिक बुलेटिन में बताया गया कि 1,974 नये मामलों को मिलाकर अबतक राज्य में 44,661 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। बुलेटिन के मुताबिक रविवार को 1,138 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। अबतक राज्य में 24,547 लोग ठीक हो चुके हैं।

विभाग ने बताया कि 19,676 मरीज उपचाराधीन हैं। बुलेटिन के मुताबिक रविवार को सामने आए नये मामलों में 1,415 संक्रमित मरीज चेन्नई के हैं। चेन्नई बाद सबसे अधिक मामले पड़ोसी जिले चेंगलपेट में आए हैं। यहां पर 178 नये मामले सामने आए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश