Oct 28 2026 / 3:05 PM

दिल्ली हिंसा: कांग्रेस का संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन, गृह मंत्री अमित शाह का मांगा इस्तीफा

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी पार्टियों ने सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली हिंसा के मसले पर कांग्रेस ने गांधी मूर्ति के पास विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगा। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, यहां पार्टी नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा मांगा।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीते दिनों देश से बाहर थे और अब लौटे हैं। सोमवार को राहुल गांधी सुबह ही संसद परिसर पहुंचे और पार्टी नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। संसद परिसर में हो रहे इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। और अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। यहां प्रदर्शन में राहुल गांधी के अलावा शशि थरूर, अधीर रंजन चौधरी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सोमवार को संसद का बजट सत्र शुरू हुआ तो दिवंगत सांसद को श्रद्धांजलि के साथ कुछ देर के लिए स्थगित हो गया। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने दोनों सदनों में स्थगन प्रस्ताव दिया और दिल्ली हिंसा पर केंद्रीय गृह मंत्री के जवाब की मांग की। कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों ने भी मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोला और दिल्ली हिंसा का मसला उठाया। संजय सिंह ने दिल्ली हिंसा की न्यायिक जांच की मांग की।

Share With

मध्यप्रदेश