Oct 28 2026 / 1:33 PM

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना- 100 करोड़ खर्च के बाद भी ट्रंप ने रद्द की डील

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत के लिए भारत में तैयारियां चल रही हैं। अहमदाबाद को पूरी तरह से सजाया जा रहा है लेकिन इस बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा है कि इतना खर्च होने के बाद भी डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ तुरंत ट्रेड डील करने से इनकार कर दिया है।

बुधवार को कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा, ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के द्वारा किए जा रहे स्वागत से खुश नहीं हैं। वो इतना नाराज हैं कि उन्होंने भारत के साथ होने वाली ट्रेड डील को रोक दिया है। लगता है कि मोदी जी को ट्रंप की गुड बुक्स में आने के लिए PR एक्सरसाइज़ पर ध्यान देना पड़ेगा।

कांग्रेस ने इसी के साथ ही जो तस्वीर साझा की है, उसमें दावा किया है कि इस स्वागत के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च हुए, 45 परिवारों को वहां से हटा दिया गया है।

बता दें कि बुधवार को ही डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में भारत दौरे को लेकर बयान दिया था। डोनाल्ड ट्रंप ने बयान में कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दोस्त हैं। भारत के साथ होने वाली ट्रेड डील पर कहा कि अभी वह ट्रेड डील नहीं करेंगे, लेकिन चुनाव के आसपास ये डील हो सकती है।

Share With

मध्यप्रदेश