भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस की मध्य प्रदेश में चुनाव अभियान की होगी शुरुआत
भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश और प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा। यह 20 नवंबर को बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। पूरी ताकत से इसकी तैयारियों में जुटें। इससे चुनाव अभियान की शुरुआत होगी। यह बात अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि जहां से यात्रा मध्य प्रदेश में प्रारंभ हो रही है, वहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हों और यात्रा में भागीदारी करें। अभी यात्रा को आने में 12 दिन हैं। इस अवधि में पूरी ताकत से तैयारी करें। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता अलग से पहचान में आएं, इसके लिए एक जैसे रंग के वस्त्र भी धारण किए जा सकते हैं। संगठन की महामंत्री और प्रदेश प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा नेता इस यात्रा को लेकर तरह-तरह के विरोधाभासी बयान देकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं पर देश और प्रदेश की जनता सब समझ चुकी है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि संगठन इस यात्रा को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेशभर से हजारों महिला कार्यकर्ता यात्रा में प्रतिदिन शामिल होंगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, महामंत्री राजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
छात्र संगठन के कार्यकर्ता शुरुआत से अंत तक रहेंगे साथ
यात्रा में कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ता शुरुआत से अंत तक साथ रहेंगे। इसके लिए प्रत्येक जिला इकाई को जिम्मेदारी दी गई है। यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश और जिला इकाई के पदाधिकारियों की बैठक हुई। संगठन के प्रदेश प्रभारी नितीश गौड ने कहा कि बुरहानपुर से लेकर आगर मालवा तक अलग-अलग जगह कार्यकर्ता यात्रा में सम्मिलित हों। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि आप सभी को अनुशासन में रहकर यात्रा के संबंध में जो भी जिम्मेदारी मिले, उसके अनुसार काम कर इसे प्रदेश में ऐतिहासिक बनाने में भूमिका निभानी है। साभार नईदुनिया
