मध्य प्रदेश में भी कोरोना, जबलपुर में मिले 4 संक्रमित
जबलपुर। मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस ने दस्तक दे दी है। जबलपुर में विदेश से लौटे चार व्यक्ति कोरोना वायरस से पीड़ति पाए गए हैं। इनमें तीन एक ही परिवार के हैं। स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल के मुताबिक, चारों को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल ये लोग संक्रमण के पहले स्टेज पर हैं।
इससे पहले, गुरुवार को चारों की जांच की गई थी। जबलपुर मेडिकल कॉलेज की लैब में कोरोना की जांच की व्यवस्था है, इसलिए 24 घंटे में चारों की जांच रिपोर्ट आ गई। प्रशासन अब संक्रमितों के परिवारों की भी जांच करा रहा है। साथ ही यह भी सूची बनाई जा रही है कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद चारों कहां-कहां गए और किस-किस से मिले। सभी की जांच कराई जाएगी।
