देश में 24 घंटे में कोरोना के 2553 नए केस, 1,074 मरीज ठीक हुए
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2,553 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना के कुल मामलों की तादाद बढ़कर 42,533 हो गई है। देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 1,074 मरीज ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने यह भी बताया कि बड़ी संख्या में लोग कोरोना से ठीक भी रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 1,074 लोग कोरोना से ठीक हुए। जो अब तक का रिकॉर्ड है। कुल मिलाकर देश में कोरोना से 11,706 लोग ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि रिकवरी रेट भी बढ़ा है और यह बढ़कर 27 फीसदी से ज्यादा यानी 27.52 फीसदी हो चुका है।
लव अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार लॉकडाउन में धीरे-धीरे ढील दी जा रही है, इस क्रम में जरूरी है कि कड़े रोकथाम उपायों, प्रभावी मेडिकल प्रबंधन, संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयास जारी रखने की आवश्यकता है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्यसलिला श्रीवास्तव ने बताया कि मंत्रालय का कंट्रोल रूम लगातार काम कर रहा है। 3 मई तक 12 हजार शिकायतों पर कार्रवाई की गई। आर्थिक व्यवस्था को गति प्रदान करने के लिए माल ढोने वाली गाड़ियों की आवाजाही जाने की अनुमति है। अगर उन्हें दिक्कत होती है तो वे गृह मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। या नेशनल हाइवे पर होने के दौरान 1033 पर सहायता के लिए कॉल कर सकते हैं।
श्रीवास्तव के मुताबिक, ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के सुझाव से सभी सुरक्षाबलों को निर्देश जारी किया है। उन्हें बताया है कि काम करते समय किस तरह की सावधानी बरतनी चाहिए। जेलों के लिए भी एसओपी और दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर फिलहाल प्रतिबंध है। धार्मिक कार्यक्रम भी बंद रहेंगे। सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। रेड और ऑरेंज जोन के कंटेनमेंट जोन में सख्ती होगी। यहां जरूरी सामान की आपूर्ति के अलावा किसी प्रकार की गतिविधि नहीं होगी। रेड जोन में कंटेनमेंट के बाहर ऑटो, रिक्शा और इंटर डिस्ट्रिक्ट बसों के परिचालन पर रोक है। सलून भी नहीं खुलेंगे। हालांकि, आवासीय इलाके में स्थित दुकानें खुल सकेंगी।
