Oct 28 2026 / 4:14 PM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 1897 नए केस, 73 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 31 हजार के पार पहुंच गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1897 नए मामले सामने आए हैं और 73 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक एक दिन में मौतों का सर्वाधिक आंकड़ा है।

इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 31,332 हो गई है, जिसमें 22,629 सक्रिय हैं, 7,696 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1,007 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र कोरोना का गढ़ बनता जा रहा है। बुधवार को यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 9,318 पहुंच चुका है। मंगलवार को राज्य में 729 नए मामले सामने आए थे। इसके अलावा तमिलनाडु में 121, गुजरात में 226, दिल्ली में 206 नए केस आए थे।

मंगलवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 31 लोगों की इस जानलेवा वायरस से मौत हुई। गुजरात में 19, मध्य प्रदेश में 10, उत्तर प्रदेश में 3 लोगों की मौत हुई। कर्नाटक में 1-1 मौत हुई है। दिल्ली में मंगलवार को एक भी मौत नहीं हुई है। राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में दो-दो मौत हुई है।

वहीं, दिल्ली में कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बनाए गए हॉट स्पॉट की संख्या में वृद्धि हो गई है। ये इजाफा दोगुना हो चुके हैं। बता दें कि 14 अप्रैल को 52 हॉट स्पॉट थे, जिसकी संख्या अब बढ़कर सौ हो गई है। इतना ही नहीं दिल्ली में मरीजों की संख्या में भी तेजी के साथ वृद्धि देखने को मिली है।

Share With

मध्यप्रदेश