Oct 28 2026 / 6:32 PM

तबलीगी जमात की वजह से बढ़े कोरोना मामले: स्वास्थ्य मंत्रालय

नई दिल्ली। कोरोनावायरस की भारत में स्थिति को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 24 घंटे में 386 मामले सामने आए हैं। अब तक कुल 38 मौत हुई है। मौत के 3 नए मामले सामने आए हैं। 132 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना पॉजिटिवि केसों के बढ़ने की मुख्य वजह तबलिगी जमात के लोगों का देश के तमाम हिस्सों में भ्रमण है। नए मामलों में जम्मू-कश्मीर में 23, तेलंगाना से 20, आंध्र प्रदेश से 17, अंडमान निकोबार से 9, तमिलनाडु से 65, दिल्ली से 18 और पुदुचेरी से 2 नए केस तबलीगी जमात में हिस्सा लेने वालों या उनके संपर्क में आए लोगों के पाए गए हैं। बाकी जगहों पर अभी अन्य सैंपलों की जांच चल रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय में जॉइंट सेक्रटरी लव अग्रवाल ने बताया, दिल्ली में जमात से जुड़े 1800 लोगों को 9 अलग-अलग अस्पतालों और क्वारंटीन सेंटरों में शिफ्ट किया गया है। 24 घंटे में जो नए केस आए हैं, वे पिछले कई दिनों से जो नैशनल ट्रेंड है, उसे रेप्रजेंट नहीं करते हैं। मंत्रालय ने लोगों से लॉकडाउन के दौरान किसी भी गेदरिंग, धार्मिक आयोजनों से बचने और सोशल डिस्टेंसिंग से जुड़े दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन की अपील की है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इंडियन रेलवे 3.2 लाख आइसोलेशन और क्वारंटीन बेड बनाने का काम कर रहा है। इसके लिए 20 हजार कोचों का इस्तेमाल हो रहा है। 5 हजार कोचों में मॉडिफिकेशन शुरू भी किए जा चुके हैं, जिससे 80 हजार नए बेड मिलेंगे।

इसके अलावा सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने मेडिकल और जरूरी सामग्रियों की सप्लाई के लिए उड़ानें जारी रखी है। पिछले 5 दिनों में उड़ान के द्वारा 15.4 टन मेडिकल सप्लाई को ट्रांसपोर्ट किया गया है। लव अग्रवाल ने यह भी बताया कि कैबिनेट सेक्रटरी ने प्रवासी मजदूरों के मुद्दे को लेकर सभी राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस किया। मजदूरों को क्वारंटीन करने और सैनिटाइजेशन के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।

Share With

मध्यप्रदेश