भारत में तेजी से बढ़ रहा कोरोना, अबतक 1637 मामले, 38 की मौत
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ताजा आंकड़े जारी किए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के अब तक कुल 1637 कंफर्म मामले हो गए हैं और 38 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की बुधवार जारी रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है और अब तक इसके 1637 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 49 विदेशी मरीज भी शामिल हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण से देशभर में अब तक 38 लोगों की मौत हुई है जबकि 132 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में संक्रमण के अधिक मामले सामने आये हैं। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 102 हो गयी है। कोरोना महामारी से महाराष्ट्र में नौ, गुजरात में छह, कर्नाटक, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और पंजाब में तीन-तीन, दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल एवं जम्मू-कश्मीर में दो-दो, बिहार, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
