मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित की संख्या 2,788 तक पहुंची, अब तक 151 की मौत
भोपाल। मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 73 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 2,788 हो गई। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित छह और व्यक्तियों की मौत हो जाने से मरने की संख्या भी बढ़कर 151 हो गई।
मध्यप्रदेश सरकार के ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से छह लोगों की मौत हो गई। इनमें इंदौर और उज्जैन में दो-दो तथा मंदसौर और बुरहानपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है। राज्य में अब कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 151 हो गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 73 नये मामले सामने आये हैं। इस तरह प्रदेश में संक्रमित रोगियों की संख्या बढ़कर 2,788 हो गयी है।
स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार 2,013 लोग अब भी संक्रमण की चपेट में हैं और इनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 1,952 की हालत स्थिर है जबकि 61 मरीज गंभीर हैं। कुल 624 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। स्वस्थ हुये मरीजों का प्रतिशत 22.38 है।
प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी से सबसे अधिक लोगों की मौत इंदौर में हुई है। इंदौर में इस संक्रमण के कारण 74 लोगों की मौत हो गई है। उज्जैन में 27, भोपाल में 15, देवास एवं खरगोन में सात-सात, खंडवा में छह, होशंगाबाद में तीन, मंदसौर में तीन, रायसेन में दो और छिंदवाड़ा, जबलपुर, आगर मालवा, धार, शाजापुर, बुरहानपुर, एवं अशोकनगर में एक-एक मरीज की मौत हुई है।
