Oct 28 2026 / 11:28 AM

देश में कोरोना संक्रमित की संख्या 70,756 तक पहुंची, अब तक 2293 की मौत

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार सुबह तक कोरोना मरीजों की संख्या 70 हजार के पार हो गई। पिछले 24 घंटों में 87 लोगों की मौत हुई है। वहीं, तीन हजार 604 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि कल के मुकाबले आज नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। कल करीब चार हजार नए मामले सामने आए थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों को मुताबिक अबतक 70 हजार 756 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 2293 लोगों की मौत हो चुकी है। 22 हजार 455 लोग ठीक भी हुए हैं। जानें आपके राज्य में कोरोना वायरस का क्या हाल है।

बता दें कि देश में एक्टिव केस की संख्या 46 हजार से अधिक है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र है। यहां अब तक 23 हजार 401 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 868 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के बाद गुजरात में तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। यहां अब तक 8 हजार 541 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 513 लोगों की मौत हो चुकी है।

तीसरे नंबर पर तमिलनाडु आ गया है। यहां अब तक 8002 केस की पुष्टि हुई है, जिसमें 53 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा करीब 7 हजार पहुंच गया है। दिल्ली में यहां अब तक 7233 मामले आए हैं, जिसमें 73 की मौत हुई है। इसके बाद राजस्थान में अब तक 3988 कंफर्म केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 113 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, मध्य प्रदेश में 221, पश्चिम बंगाल में 190, उत्तर प्रदेश में 80, आंध्र प्रदेश में 45, तेलंगाना में 30, कर्नाटक में 31, पंजाब में 31, जम्मू-कश्मीर में 10, हरियाणा में 11, बिहार में 6, केरल में 4, झारखंड में 3, ओडिशा में 3, चंडीगढ़ में 2, हिमाचल प्रदेश में 2, असम में 2, और मेघालय में एक मौत हुई है।

Share With

मध्यप्रदेश