Oct 28 2026 / 2:01 PM

देश में कोरोना संक्रमित की संख्या 39,980 तक पहुंची, अब तक 1301 की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं भारत में कोरोना मरीजों की संख्या अब 39,980 हो गई है। वहीं इससे मरने वालों की संख्या 1301 पहुंच गई है। वहीं कोरोना से 10,633 मरीज ठीक हो चुके हैं।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में बारत में कोरोना के 2644 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 83 मौतों की पुष्टि हुई है। वहीं राजस्थान में रविवार सुबह 9 बजे तक कोरोना के 31 नए केस सामने आए हैं। जिसके साथ राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर 2803 पहुंच गई है।

बता दें कि कोविड-19 से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में अब तक 521 मौतें हुई हैं, जबकि मध्यप्रदेश में 151 लोगों को इस वायरस ने लील लिया है। वहीं, गुजरात में संक्रमण के चलते 262 और दिल्ली में 64 लोगों की जान गई है।

दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में 203 नए संक्रमित सामने आए हैं और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2526 हो गई तथा राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हुई है और यह आंकड़ा 28 पर पहुंच गया है। राज्य में 1312 मरीज अब तक ठीक हुए हैं।

आंध्र प्रदेश में 1525 और कर्नाटक में 598 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 33 और 25 लोगों की मौत हुई है। दक्षिणी राज्य तेलंगाना में संक्रमितों की कुल संख्या 1057 हो गई और इससे मरने वालों की संख्या 26 पर बनी हुई है। केरल में 498 लोग संक्रमित हुए हैं और चार लोगों की मौत हुई है।

बता दें कि देशभर में आज तीनों सेनाएं कोरोना वॉरियर्स का खासा अंदाज में सम्मान कर रही हैं। वायुसेना के विमान फ्लाई पास्ट करते हुए अस्पतालों पर फूल बरसा रहे हैं। थल सेना के जवान अस्पतालों के सामने बैंड पर प्रस्तुति दे रहे हैं। वहीं, नौसेना और कोस्ट गार्ड के जहाजों पर शाम साढ़े सात बजे से आधी रात तक रोशनी की जाएगी।

Share With

मध्यप्रदेश