24 घंटे में कोरोना के 796 नए केस, 35 लोगों की मौत: स्वास्थ्य मंत्रालय
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 796 नए केस सामने आए हैं और 35 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक दिन में 141 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में अबतक कोरोना के कुल 857 मरीज ठीक हो चुके हैं और 308 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 15 राज्यों के 25 जिलों में कोरोना के केस आने बंद हो गए हैं. संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना की लड़ाई में एनसीसी की भी मदद ली जा रही है। अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों ने खुद को रजिस्टर किया है। वहीं, अब तक 30 करोड़ से अधिक लोगों को 28,256 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए राज्य लगातार काम कर रही हैं। प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवानिवृत्त कर्मियों, एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना), एनसीसी कैडेट्स, और अन्य डिपो के अधिकारियों की भी सहायता ली जा रही है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के रमन आर गंगाखेडकर ने बताया कि कल तक कोविड-19 के 2,06,212 नमूनों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है, जिस गति से हम आज परीक्षण कर रहे हैं, हमारे पास एक स्टॉक है जिसके साथ हम अगले छह सप्ताह तक आसानी से परीक्षण कर सकते हैं।
