Oct 28 2026 / 6:13 PM

कोरोना मरीजों पर प्लाज्मा थेरेपी का ट्रायल रहा सफल: केजरीवाल

नई दिल्‍ली। कोरोना वायरस के इलाज में प्लाज्मा थेरेपी कारगर हो सकती है, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इसका इशारा दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली के 4 मरीजों पर इसका प्रयोग किया गया जिसके नतीजे अच्छे आए हैं। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार से बाकी सीरियस मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी देने के लिए इजाजत मांगी जाएगी।

सीएम केजरीवाल ने यह भी कहा कि शुरुआती रिजल्ट उत्साहवर्धक है लेकिन इसे अभी कोरोना का इलाज न माना जाए। केजरीवाल और उनके साथ आए डॉक्टर ने कहा कि कोरोना से ठीक हुए लोगों को अब देशभक्ति दिखाते हुए प्लाज्मा देना चाहिए।

दिल्ली सरकार की तरफ से अब तक लोक नायक हॉस्पिटल के चार मरीजों को प्लाज्मा ट्रीटमेंट दिया गया। ऐसा केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद किया गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि अच्छी खबर यह है कि चारों मरीजों के पॉजिटिव नतीजे दिख रहे हैं।

सीएम केजरीवाल के साथ आए डॉक्टर ने बताया कि चार में से दो अगले कुछ दिन में डिस्चार्ज हो सकते हैं। इससे पहले तक ये लोग वेंटिलेटर पर जाने की स्थिति में थे। अब दोनों को आईसीयू से साधारण वॉर्ड में शिफ्ट किया जानेवाला है।

सीएम केजरीवाल ने बताया कि प्लाज्मा ट्रीटमेंट से पहले मरीजों का रेस्पिरेटरी रेट 30 था जो कि 15 होना चाहिए। अब प्लाज्मा ट्रीटमेंट के बाद रेस्पिरेटरी रेट 20 हो गया है।

Share With

मध्यप्रदेश