पुलिस टीम पर हमला करने वाला आरोपी कोरोना पॉजिटिव
इंदौर। पिछले दिनों इंदौर के चंदन नगर में पुलिसवालों पर हमला करने वाले लोगों में से कुछ को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किया था और उनमें से चार लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई करते हुए इन्हें जबलपुर भेजा गया था। इन्हीं में से एक युवक जावेद खान कोरोना पॉजेटिव पाया गया है। शनिवार को सुबह आईसीएमआर लैब से आई रिपोर्ट में आरोपी के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। आरोपी जावेद खान को जेल के अंदर ही अस्पताल के वार्ड में क्वारैंटाइन किया गया है।
इंदौर में पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों को जबलपुर लाया गया था, तभी से एक की तबीयत खराब थी, लेकिन सभी को अस्पताल में एडमिट कराया गया था। इसके बाद उनके सैंपल लिए गए। इनमें एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब बाकी तीन की निगेटिव आई, जिन्हें जेल में शिफ्ट किया गया। जो पुलिसकर्मी आरोपियों को लेकर जबलपुर गए थे, उन्हें क्वारैंटाइन के लिए कहा गया है। उधर, अब जबलपुर में 10 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से पांच मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
