Oct 28 2026 / 7:54 PM

देश में कोरोना संक्रमित की संख्या 10363 तक पहुंची, अब तक 339 की मौत

नई दिल्ली। देशभर में लॉक डाउन का आज 21 वां दिन है लेकिन अब लॉक डाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस बीच कोरोना वायरस के मामले देश में लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार सुबह कुल मौत का आंकड़ा 339 तक पहुंच गया है। संक्रमितों की संख्या दस हजार के पार हो गई है। अब तक कुल 10363 मामले सामने आए हैं।

वहीं, दिल्ली में सोमवार को एक ही दिन में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 356 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं जबकि चार की मौत हो गई। नए मरीजों में 325 जमात से जुड़े लोग हैं और अब तक मरकज से संबंधित कुल 1071 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इन 356 नए मामलों के साथ दिल्ली में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1510 हो गई है। वहीं, चार लोगों की मौत के साथ दिल्ली में मरने वालों का आंकड़ा 28 पहुंच गया है। पिछले तीन दिनों में 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को सामने आए 356 नए मामलों में 325 मामले एक ही चेन के जरिए आए हैं।

महाराष्ट्र में 24 घंटे के अंदर 121 नए कोरोना वायरस मरीज सामने आए हैं, जिसमें 92 मरीज तो मुंबई के ही हैं। मायानगरी मुंबई में अब तक कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 1641 तक जा पहुंची है। सिर्फ मुंबई में अब तक मृतकों का आंकड़ा शतक पार कर चुका है, जबकि महाराष्ट्र में मृतक संख्या 149 तक पहुंच गई है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस शैतान रूपी कोरोना वायरस ने एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में दिन प्रति दिन पांव पसारता ही जा रहा है। धारावी में अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 1 दिन के अंदर पांच और पॉजिटिव मरीज मिलने से यहां कोरोना वायरस के पीड़ित मरीजों की तादाद 55 हो गई है।

Share With

मध्यप्रदेश