Oct 28 2026 / 6:21 PM

दिल्ली चुनाव: सीएम केजरीवाल ने बीजेपी को दी चुनौती, कहा- मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम घोषित करे

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी को बुधवार दोपहर एक बजे तक मुख्यमंत्री पद के लिए उसके उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने की चुनौती दी और कहा कि वह उनके साथ सार्वजनिक तौर पर बहस करने के लिए तैयार हैं।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं कर बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री अमित शाह दिल्ली के लोगों से ‘‘ब्लैंक चेक’’ मांग रहे हैं। सीएम केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के बाद कहा कि अगर भाजपा ऐसा नहीं करती है तो वह अगले कदम की घोषणा करने के लिए प्रेस से मिलेंगे।

उन्होंने संवाददताओं से कहा, दिल्लीवासी चाहते हैं कि बीजेपी अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा करे। यदि बीजेपी कल दोपहर एक बजे तक मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा कर देती है तो मैं उनके साथ सार्वजनिक रूप से बहस करने के लिए तैयार हूं। हम उसके लिए तौर तरीके तय कर लेंगे।

सीएम ने कहा कि बीजेपी चर्चा के लिए स्थान तय कर सकती है। लोकतंत्र में लोगों को सवाल पूछने का मौका मिलना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि शाह लोगों को बता रहे हैं कि अगर दिल्ली में भगवा पार्टी को जनादेश मिला तो वह बाद में चेक पर मुख्यमंत्री का नाम भरेंगे। सीएम ने कहा, लोकतंत्र में लोग मुख्यमंत्री को चुनते हैं, अमित शाह नहीं… अगर अमित शाह ने मुख्यमंत्री पद के लिए किसी अशिक्षित को चुन लिया तो यह दिल्ली के लोगों से धोखा होगा।

Share With

मध्यप्रदेश