जिला दण्डाधिकारी मनीष सिंह ने अनेक अपराधों में लिप्त तथा वाहनों में आग लगाने तथा तोड़फोड कर आतंक फैलाने वाले महेश भाट पर लगाई रासुका
इंदौर महानगर। इंदौर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये अपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त महेश भाट उर्फ दादा को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) में निरूद्ध करने के आदेश जारी किये हैं। जारी आदेशानुसार आरोपी महेश भाट उर्फ दादा पिता गणेश परमार निवासी न्यू भवानी नगर बाणगंगा क्षेत्र में आतंक मचाने वाले अपराधी है। बताया गया कि अपराधी महेश पर न्यू भवानी नगर, बाणगंगा क्षेत्र में मोटर साईकिल एवं कारों में तोड़फोड़ करने, रहवासियों से मारपीट करने सहित अन्य गंभीर अपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसके विरूद्ध गत वर्षो में कुल 07 आपराधिक वारदातों में शामिल रहने के अपराध दर्ज किये गये है। जिसमें से 06 आपराधिक घटनाओं को वर्तमान वर्ष 2022 में कारित किया गया है। आरोपी के विरूद्ध आमजनों से अवैध वसूली के लिये धारदार हथियारों से वार कर चोट पहुचाने, सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने, अवैध वसूली करने, वाहनों में तोड़फोड कर आगजनी करने आदि जैसे अपराध पंजीबद्ध है। अरोपी द्वारा इसी माह अपने आपराधिक साथियों के साथ मिलकर न्यू भवानी नगर क्षेत्र में आतंक मचाया गया। इनके द्वारा 02 मोटर साईकिलों में आग लगा दी गई, तीन मोटर साईकिलें तोड़ दी गई, तीन कारों के कांच फोड़ दिये गये, लोगों के द्वारा विरोध करने पर उनके साथ घातक आयुधों के साथ मारपीट की गई।
