डोनाल्ड ट्रंप ने किया ताज का दीदार
आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दुनिया के सातवें आश्चर्य में शुमार ताज महल का दीदार किया। ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया अपने पूरे काफिले के साथ एयरफोर्स वन में सवार होकर सोमवार शाम ताज नगरी आगरा पहुंचे। इस मौके पर उनका स्वागत यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
ऐतिहासिक ताजमहल परिसर में पहुंचने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने विजिटर बुक में संदेश लिखा। ताजमहल की विजिटर बुक में डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा- ताज महल हमें प्रेरणा देता है। यह भारत की संस्कृति की विभिन्नता और संपन्नता की शानदार विरासत है। थैंक्यू इंडिया।
इसके बाद वह पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल के खूबसूरत लॉन में टहलने निकले। एक गाइड की मदद से वह ताज से जुड़ी तमाम जानकारी लेते रहे। मेलानिया ट्रंप और डोनाल्ड ट्रंप ने ताजमहल देखने के बाद तस्वीर भी खिंचवाई। डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका और उनके पति जेरेड कुशनर ने भी ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल देखने के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ने अपने ही फोन से फोटो खिंचवाई।
आगरा एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद उनके स्वागत के लिए मयूर नृत्य का कार्यक्रम हुआ। मयूर नृत्य देखकर अमेरिका के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मंत्रमुग्ध हो गए। राष्ट्रपति ने कलाकारों की तारीफ की इस दौरान उनकी बेटी इवांका भी ताली बजाती रहीं। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के 15 किलोमीटर लंबे रूट पर 3000 कलाकार उन्हें ब्रज और भारत की संस्कृति से रूबरू कराते रहे।
