Oct 28 2026 / 5:52 PM

भारत में कोरोना वायरस की पहली तस्वीर

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और इससे संक्रमित लोगों की संख्या 900 के लगभग पहुंच चुकी है। इस बीच इस वायरस की देश में पहली तस्वीर सामने आई है। यह तस्वीर पुणे में स्थित भारतीय चिकिस्ता अनुसंधान परिषद के वायरोलॉजी इंस्टीट्यूट ने जारी की है।

यहां के वैज्ञानिकों ने इस वायरस की पहली तस्वीर ली है जिसे इमेज ट्रांसमिशन इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप इमेजिंग से तैयार किया गया है। इस तस्वीर को इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च के ताजा एडिशन में भी दिखाया गया है। जो तस्वीर जारी की गई है उसमें कोरोना का यह वायरस एक बिंदू से भी छोटा नजर आता है।

जिस सैंपल से इस वायरस को वैज्ञानिकों ने निकाला है उस सैंपल को उन्होंने 30 जनवरी को देश के पहले कोरोना वायरस संक्रमित मरीज के गले की नली से लिए नमूनों से अलग किया है। माना जा रहा है कि वायरस की तस्वीर और उस पर हुए अब तक के शोध के बाद जल्द ही वैज्ञानिक इसकी दवा बनाने की दिशा में भी काम कर सफलता पा लेंगे।

वैज्ञानिकों के अनुसार, वायरस को देखने पर यह 99.98 प्रथिशत तक चीन के वुहान शहर में पहचाने गए कोरोना वायरस जैसा है। जहां तक इसके इलाज या वैक्सीन की बात है तो फिलहाल किसी भी देश के वैज्ञानिकों को सफलता नहीं मिली है। अब तक अलग-अलग देशों में इसके इलाज के अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं।

बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 22,000 से ज्यादा हो चुकी है वहीं 5 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो गए हैं। भारत में भी इससे 900 के लगभग लोग संक्रमित हो चुके हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।

Share With

मध्यप्रदेश