Oct 25 2026 / 9:33 PM

नियमों का पालन नहीं किया तो फिर से लॉकडाउन लागू करना पड़ेगा: उद्धव ठाकरे

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जरूरी सामानों की आपूर्ति में लगे कर्मियों की आवाजाही के लिये मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने की मांग करते हुए बुधवार को संकेत दिये कि अगर लोगों ने दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन नहीं किया तो लॉकडाउन जारी रखा जा सकता है। ठाकरे ने कहा कि कोविड-19 का खतरा अब भी बरकरार है।

उन्होंने लोगों से भीड़ से बचने और शारीरिक दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक गतिविधियों को जारी रखने के लिये लॉकाडाउन में आंशिक ढील दी गई है। अब हमें वायरस के साथ ही जीना सीखना होगा। उन्होंने कहा कि वायरस का खतरा अब भी बरकरार है, लेकिन हमें आर्थिक गतिविधियां शुरू करने की भी जरूरत है।

ठाकरे ने पाबंदियों में ढील के बाद सड़कों पर लोगों की भीड़ जमा होने की खबरों की ओर इशारा करते हुए कहा, आपकी अच्छी सेहत के लिये बाहर जाकर शारीरिक गतिविधियों की अनुमति दी गई है, न कि इसे खराब करने के लिये।

उन्होंने कहा, अगर ऐसा ही होता रहा तो लॉकडाउन को जारी रखा जा सकता है। लेकिन मुझे उम्मीद है कि लोग सरकार के नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते रहेंगे, क्योंकि इसमें उनकी भलाई है। लॉकडाउन का मौजूदा चरण 30 जून को समाप्त होगा। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने जरूरी सामानों की आापूर्ति में लगे कर्मियों की आवाजाही के लिये मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने की मांग की है।

Share With

मध्यप्रदेश