नितिन गडकरी ने टोल ऑपरेटरों को दिए निर्देश- प्रवासी मजदूरों को मुहैया कराएं भोजन, पानी
नई दिल्ली। लॉकडाउन की घोषणा के बाद से दिल्ली-एनसीआर में फंसे मजदूरों ने पैदल ही अपने घरों की तरफ कूच कर दिया है। इस स्थिति में कोरोना के संक्रमण का खतरा गांवों की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है। हालांकि सरकार की तरफ से लोगों को जहां हैं वहीं रहने की अपील की जा रही है। उनके खाने-पीने और रहने का इंतजाम भी किया जा रहा है, लेकिन पैदल निकले लोग घर से पहले रूकने पर राजी नहीं हैं।
इसी को देखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (एनएचएआई) चेयरमैन और टोल ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि वे राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रवासी मजदूरों को भोजन, पानी और दूसरी जरूरी मदद मुहैया कराएं।
गडकरी ने कहा, संकट के इस समय में हमें अपने साथी नागरिकों के लिए दयावान बनना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि टोल ऑपरेटर उनके आह्वान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देंगे। इससे पहले गडकरी ने एनएचएआई से कहा था कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली बंद कर दी जाए, ताकि आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में आसानी हो।
मंत्री ने कहा, ऐसे लोगों की असुविधा को कम करने के लिए टोल संग्रह रोक दिया गया है, जिन्हें आवश्यक सामानों और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों के लिए स्थानीय प्रशासन ने कर्फ्यू पास जारी किए हैं। उन्होंने लोगों से घर में रहने और कोरोना वायरस के प्रसार से लड़ने के लिए स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करने का आग्रह भी किया।
