Oct 28 2026 / 7:44 AM

भोपाल में मालगाड़ी के टैंकर में गैस रिसाव, मचा हड़कंप

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल रेलवे स्टेशन पर पहुंची एक मालगाड़ी के एक टैंकर से गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। खबर मिलते ही भोपाल रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में नगर निगम की फायर ब्रिगेड पहुंच गई है, वहीं कई आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। इसे समय रहते दुरुस्त कर लिए जाने के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

गौरतलब है कि एलपीजी गैस से भरी यह ट्रेन भोपाल के पास बकानिया एलपीजी डिपो में जाने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन पर खड़ी है। इसमें 32 टैंकरो में यह गैस भरी थी। मालगाड़ी कर्नाटका के ठुपुर रेलवे स्टेशन से चलकर भोपाल के समीप बकानिया एलपीजी डिपो जा रही थी।

बताया जा रहा है कि भोपाल आने से पहले इसी मालगाड़ी में शुक्रवार शाम खंडवा स्टेशन पर भी गैस लीक हुई थी। रेलवे प्लेटफॉर्म पर रुकने के बाद गार्ड ने देखा कि एक टैंकर से गैस लीकेज की आवाज आ रही है। इसके बाद गार्ड द्वारा इसकी सूचना रेलवे के अधिकारियों को दी गयी।

टैंकर में शाम पांच बजे से देर रात तक गैस का रिसाव होता रहा। रेलवे अधिकारियों ने पीथमपुर से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया, जिन्होंने इसे रिपेयर किया। इसके बाद आज तड़के इस ट्रेन को भोपाल के लिए रवाना किया गया।

Share With

मध्यप्रदेश