जम्मू-कश्मीर: हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर, 5 जवान शहीद
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। सेना ने यहां दो आतंकियों को मार गिराया है। इस ऑपरेशन में सेना के दो बड़े अफसर समेत 5 जवान शहीद हो गए हैं। शहीदों में एक कर्नल, एक मेजर, दो सेना के जवान और एक जम्मू-कश्मीर पुलिस के सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हंदवाड़ा के चांजमुल्ला इलाके में हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी भी मारे गए हैं। यह इलाका उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सेना ने बंधक बनाए गए नागरिकों को बचाने के लिए अभियान चलाया। शहीद हुए सैन्य अफसर सुरक्षाकर्मियों की टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में 21-राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा शहीद हुए हैं। कर्नल आशुतोष कई सफल ऑपरेशन के हिस्सा रहे थे। भारतीय सेना के सूत्रों का कहना है कि एक घर में कुछ लोगों को बंधक बना लिया गया था। उन्हें छुड़ाने के लिए राष्ट्रीय रायफल्स के जवान घर के अंदर घुसे। घर में मौजूद आतंकियों ने इस दौरान गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में सेना के चार जवान और एक पुलिसकर्मी को जान गंवानी पड़ी।
घर में बंधक बनाए गए नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। कार्रवाई में दो आतंकी भी मारे गए हैं। बता दें कि ये मुठभेड़ शनिवार से ही जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक फायरिंग बंद हो गई है लेकिन सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है।
मुठभेड़ से पहले यहां दो विदेशी आतंकी एक घर में छिप गए थे। सेना को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, सेना ने आतंकियों के इस ठिकाने को ही विस्फोट से उड़ा दिया। विस्फोट की वजह से पूरे घर में आग लग गई सेना अब मलबे की तलाशी ले रही है। सेना ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।
