Apr 18 2026 / 8:12 PM

भारत-चीन सीमा विवाद: पूर्वी लद्दाख में पीछे हटे चीनी सैनिक

नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच बीते कई दिनों से चल रहा विवाद अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास दोनों देशों की सेनाएं धीरे-धीरे पीछे हट रही हैं। जिसे सीमा पर दोनों देशों के बीच घटते तनाव का एक संकेत माना जा रहा है।

भारतीय और चीनी सेनाएं पूर्वी लद्दाख के कई इलाकों में पूर्व की स्थिति में लौट रही हैं। दोनों पक्षों की ओर से जारी तनातनी में अब सुधार देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच इसी हफ्ते होने वाले सैन्य लेवल की वार्ता से पहले ही तनाव की स्थिति कम होती नजर आ रही है। इससे पहले भी सैन्य स्तर की बातचीत हो चुकी थी, लेकिन वो बेनतीजा निकला।

दोनों देश बातचीत के जरिए अपने बीच के विवादों को हल करेंगे। इसकी जानकारी चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने सोमवार को दी थी। हुआ चुनयिंग ने कहा था कि छह जून को दोनों देश के सैन्य अधिकारियों के बीच विस्तृत बातचीत हुई। दोनों देशों की तरफ से सीमा विवाद को राजनयिक और सैन्य स्तर पर सीमा विवाद को सुलझाने पर बल दिया गया है।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जोर देते हुए कहा कि चीन और भारत ने अपने-अपने देशों के समझौतों के आधार पर आवश्यक आम सहमति को लागू करने के लिए सहमति जताई है। दोनों पक्ष आपसी मतभेदों को विवाद में बदलना नहीं चाहते हैं। भारत और चीन सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति कायम करने के लिए एक साथ काम करते हैं।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पूरी स्थिति पर गौर किया जाए तो यह आमतौर पर स्थिर और काबू में है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और परामर्श के जरिए ऐसे मसलों को अच्छे से सुलझाने की क्षमता और इच्छाशक्ति है।

Share With

मध्यप्रदेश