सिक्किम सीमा पर भारत-चीन के सैनिकों में झड़प
नई दिल्ली। सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की घटना सामने आई। इस झड़प में दोनों तरफ के जवान घायल हुए। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। हालांकि, बाद में बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में शनिवार को हुई। यह इलाका 5 हजार मीटर की ऊंचाई पर है। एक अफसर ने बताया कि 4 भारतीय और 7 चीनी सैनिकों को चोट लगी। इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे।
उधर, आर्मी का कहना है, सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीन के सैनिकों के बीच अस्थाई और छिटपुट झड़पें अभी भी होती रहती हैं। हालांकि, इस बार झड़प काफी लंबे समय बाद हुई है। दोनों सेनाएं इस मुद्दे को प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लेती हैं।
इससे पहले साल 2017 में दोनों देशों के बीच सिक्किम क्षेत्र में भीषण तनाव देखने को मिला था। तब यह इतना बढ़ा था कि भारत के शीर्ष सैन्य अफसरों ने कई दिनों तक इलाके में कैंपिंग की। इन अधिकारियों में 17वीं डिविजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग भी शामिल थे। दोनों देशों के सैनिकों के बीच धक्कामुक्की की घटना के बाद विदेश मंत्रालय और दिल्ली स्थित सैन्य मुख्यालय तक हलचल रही।
