इंदौर: कोरोना के 79 नए मामले, संक्रमितों की संख्या हुई 3182
इंदौर। देशभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। देश के कई राज्यों में वायरस के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच इंदौर में कोरोना के 79 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 3182 हो गई है।
बता दें कि कोविड-19 के मामले में इंदौर मध्य प्रदेश में पहले नंबर पर है। राज्य के तकरीबन आधे मामले इंदौर से ही हैं। इस बीच मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 165 नए मामले सामने आए। इस तरह प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 7,024 तक पहुंच गया।
इंदौर में मंगलवार को 79 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में कोरोना के कुल 3182 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 119 मरीजों मौत हो गई थी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान में इस बीमारी से पांच और व्यक्तियों की मौत हुई है जिससे मृतकों की संख्या 305 हो गई है।
अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से भोपाल, इंदौर, खंडवा, दतिया और मंडला में एक-एक मरीज की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 117 मौत अकेले इंदौर में हुई है।
जबकि उज्जैन में 54, भोपाल में 49, बुरहानपुर में 13, खंडवा में 12, जबलपुर में नौ, खरगोन, मंदसौर एवं देवास में आठ-आठ, होशंगाबाद, धार, सागर, नीमच और रायसेन में तीन-तीन, ग्वालियर में दो और छिंदवाड़ा, सीहोर, आगर मालवा, सतना, झाबुआ, शाजापुर, उमरिया, दतिया, मंडला और अशोकनगर में एक-एक मरीज की मौत हुई है।
