Oct 28 2026 / 5:40 PM

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर

नई दिल्ली। भारतीय सेना द्वारा आतंकियों के सफाये का अभियान जारी है। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में 2 आतंकवादी और उनका एक ‘कट्टर’ साथी मारा गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों को दक्षिण कश्मीर में अवंतीपुरा के गोरीपुरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी जिसके बाद उन्होंने शनिवार तड़के इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कीं जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में 2 आतंकवादी और आतंकवादियों का एक ‘कट्टर’ साथी मारा गया। मुठभेड़ अभी जारी है। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी चल रही है।

बता दें कि जम्मू कश्मीर में इस वर्ष अब तक आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों के अभियानों में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के कई शीर्ष कमांडरों समेत 50 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया था कि केन्द्र शासित प्रदेश में आतंकवादियों के खिलाफ अभियानों में सुरक्षा बलों के 17 जवान शहीद हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने पिछले चार महीनों में नौ आम नागरिकों की हत्या की है।

Share With

मध्यप्रदेश