Apr 18 2026 / 9:31 PM

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, 5 आतंकी ढेर


श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। रविवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस और सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की घेराबंदी कर पांच आतंकवादियों का एनकाउंटर किया है। मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है। सेना ने बताया कि ऑपरेशन में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इलाके में कोई अफवाह न फैले इसलिए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं बंद कर दिया गया है।

सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि रेबन गांव में कई आतंकवादी छिपे हैं। मौके पर सुरक्षाबलों और पुलिस की टीमों ने इलाके की घेराबंदी की। आतंकियों से सरेंडर करने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। आतंकियों की फायरिंग के जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाईं।

जम्‍मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि इलाके में अभी और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है इसलिए अभियान जारी रहेगा। इलाके से सुरक्षाबलों और पुलिस को नहीं हटाया गया है। मारे गए आंतकियों की लाशें निकाल ली गई हैं। अब उनकी पहचान की जा रही है।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के दामल हंजिपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए थे। मुठभेड़ को देखते हुए कुलगाम और शोपियां जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था।

Share With

मध्यप्रदेश