सीएम केजरीवाल ने की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाह ने उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण का मुकाबला करने में सभी संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, (मैं) माननीय गृहमंत्री श्री अमित शाह से मिला। (मैंने) उनके साथ दिल्ली में कोरोना वायरस की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया।’’
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में बुधवार को कोविड-19 के 1501 नये मरीज सामने आने के साथ ही यहां इस महामारी के मामले बढ़कर 32000 हो गये। यहां अबतक 984 लोग इस संक्रमण से अपनी जान गंवा चुके हैं। बीते 24 घंटे में 384 लोगों ने इस बीमारी को मात दी है। राजधानी में फिलहाल कोरोना के 19581 संक्रिय मामले हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बता दें दिल्ली एम्स में आज एक BSF कांस्टेबल की कोरोना से मौत हो गई। इसी के साथ ही अब तक कोरोना संक्रमण तीन बीएसएफ जवानों की जान ले चुका है। यह कांस्टेबल दिल्ली पुलिस के साथ कार्य कर रहा था। पांच जून को उसे कमजोरी और खांसी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां आज उसकी मौत हो गई।
