Apr 18 2026 / 8:11 PM

सीएम अरविंद केजरीवाल का हुआ कोरोना टेस्‍ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण का प्रसार तेजी से होने लगा है। आम जनता के साथ साथ कोरोना वारियर्स समेत कई सरकारी अधिकारी इसकी चपेट में आ चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उनके गले में खराश है और उन्हें हल्का बुखार है। इस तरह के लक्षण को देखते हुए उनका आज यानी मंगलवार सुबह उनके घर पर उनका कोरोना टेस्ट कर लिया गया है।

सीएम केजरीवाल ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। रविवार दोपहर से उन्होंने कोई भी मीटिंग नहीं ली है। इसके साथ ही उन्होंने आगामी बैठकों को कैंसिल कर दिया है। उन्होंने रविवार से किसी से कोई भी मुलाकात नहीं की है। सभी उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

यदि सीएम केजरीवाल का कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो इसके बाद पूरी दिल्ली कैबिनेट का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम केजरीवाल के संपर्क में आने वाले उनके परिजन और उनकी पूरी टीम की भी कोरना जांच की जाएगी। फिलहाल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आज होने वाली बैठक में सीएम केजरीवाल के स्थान पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बैठेंगे।

दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि हम यहां पर कम्युनिटी स्प्रेड की जांच करेंगे और अगर ऐसा हुआ तो हम कोरोना वायरस से लड़ने की अपनी रणनीति बदलेंगे।

सिसोदिया ने कहा कि अगर प्रतिभागी विशेषज्ञों ने कहा कि यहां कम्युनिटी स्प्रेड फैला हुआ है तो हम अपनी रणनीति बदल देंगे। इस बैठक में मैं भी भाग लूंगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबियत ठीक न होने के कारण उन्होंने मुझे इस बैठक के लिए अधिकृत किया है।

Share With

मध्यप्रदेश