21 मई को होंगे महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनाव
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के लिए शुक्रवार को राहत भरी खबर आई। उद्धव की सीएम कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा खत्म होता हुआ दिख रहा है। दरअसल, भारतीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव कराने का फैसला किया है।
चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव के दौरान कोविड-19 के खिलाफ सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और 21 दिनों के अंदर चुनाव को संपन्न करा लिया जाएगा। सारी प्रक्रिया 27 मई तक पूरी हो जाएगी।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को ही राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। उद्धव ठाकरे खुद राज भवन जाकर कोश्यारी से मिले और महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। जानकारी के मुताबिक दोनों की ये मुलाकात 20 मिनट तक चली।
इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना नेता मिलिंद नार्वेकर ने बुधवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के विधान परिषद में मनोनयन पर चर्चा की थी। उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की थी और उन्हें बताया था कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्य मंत्रिमंडल राज्यपाल कोश्यारी से दो बार सिफारिश कर चुका है कि ठाकरे को राज्यपाल के कोटे से विधान मंडल के उच्च सदन में भेजा जाए, लेकिन राज भवन की तरफ से कोई उत्तर नहीं मिला है। सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के नेताओं ने मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात कर कैबिनेट की सिफारिश की एक प्रतिलिपि सौंपी थी।
इससे पहले शिवसेना के लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत ने भी नार्वेकर के साथ कोश्यारी से मुलाकात की थी। इस बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया था कि जल्द से जल्द महाराष्ट्र विधान परिषद की 9 खाली सीटों पर चुनाव कराया जाए।
राज्यपाल ने कहा था कि राज्य में मौजूदा संकट को खत्म को देखते हुए विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो, जो 24 अप्रैल से खाली हैं। इस पर आयोग ने चुनाव कराने का ऐलान कर दिया है।
