Apr 18 2026 / 8:11 PM

एलजी के आदेश को लागू किया जाएगा: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में सबका इलाज किया जाएगा। इससे पहले दिल्ली सरकार ने कहा था कि इन अस्पतालों में सिर्फ दिल्ली के लोगों का ही इलाज होगा। लेकिन उपराज्यपाल अनिल बैजल ने इस आदेश को पलट दिया।

इसके बाद जारी एक वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने कहा है, दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में सभी के इलाज के लिए उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने जो आदेश दिया है, उसे अक्षरश: लागू किया जाएगा। उनका आगे कहना था कि यह समय असहमतियों का नहीं है और इस लड़ाई में सभी संस्थाओं और सरकारों को साथ आने की जरूरत है। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए गए इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, ‘हमें एक दूसरे से नहीं, मिलकर कोरोना से लड़ना है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों का आंकड़ा 27 हजार के पार चला गया है। संक्रमण से अब तक 700 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। अपने वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने यह भी बताया कि उनका कोविड-19 टेस्ट नेगेटिव आया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामना संदेश देने वाले लोगों का शुक्रिया भी अदा किया।

Share With

मध्यप्रदेश