Oct 28 2026 / 7:12 PM

लॉकडाउन को बढ़ाने की मांग, केंद्र सरकार कर रही विचार!

नई दिल्‍ली। देश में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन को जारी रखने की मांग जोर पकड़ रही है। कई राज्‍यों की ओर से केंद्र सरकार से इस बारे में फैसला लेने की अपील की गई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार भी लॉकडाउन को बढ़ाने पर विचार कर रही है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने साफ कहा है कि देश के खराब हेल्‍थ इन्फ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए वायरस को फैलने से रोक पाना मुश्किल होगा। उन्‍होंने कहा, मैं 15 अप्रैल के बाद भी देश के लॉकडाउन का पक्षधर हूं क्‍योंकि हम आर्थिक समस्‍या से तो निकल सकते हैं मगर जिंदगियां नहीं बचा सकते। हम अपने लोगों की जिंदगियां वापस नहीं ला पाएंगे। राव ने तो यहां तक कहा कि लॉकडाउन ही कोरोना वायरस के खिलाफ देश का इकलौता हथियार है।

उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी इशारों में लॉकडाउन बढ़ने के संकेत दिए हैं। उन्‍होंने कहा कि लॉकडाउन से बाहर निकलने में तीसरा सप्‍ताह बेहद अहम है। उन्‍होंने कहा कि 14 अप्रैल के बाद जो भी फैसला हो, लोग उसका उसी तरह पालन करें जैसे अबतक करते आए हैं। उन्‍होंने कहा कि अर्थव्‍यवस्‍था के संकट पर किसी और दिन चिंता की जा सकती है मगर स्‍वास्‍थ्‍य पर नहीं।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कुछ इसी तरह के संकेत दिए थे। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने सोमवार को लोकभवन में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर एक भी कोरोना संक्रमित छूट गया तो सभी प्रयासों पर पानी फिर जाएगा। ऐसे में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जा सकती है।

Share With

मध्यप्रदेश