महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भरा नामांकन
मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद की 9 सीटों पर 21 मई को चुनाव होने जा रहा है। कोरोना काल में जारी लॉकडाउन के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार दोपहर विधान भवन जाकर अपना नामांकन दायर किया। शिवसेना ने उद्धव के अलावा नीलम गोरे को भी अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है।
नीलम ने भी अपना नामांकन दायर कर लिया है। इससे पहले रविवार को कांग्रेस ने दो के बजाय एक प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया था। इसके बाद सीएम उद्धव ठाकरे का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है। आज नामांकन दायर करने का अंतिम दिन है और 14 तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं।
उद्धव ठाकरे परिवार के दूसरे ऐसे सदस्य बनने जा रही हैं जो चुनावी प्रक्रिया से गुजरते हुए विधान परिषद तक पहुंचेंगे। इससे पहले अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनावों में उद्धव के बेटे आदित्य विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। सोमवार को नामांकन दायर करने पहुंचे सीएम उद्धव के साथ उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और बेटे आदित्य और तेजस ठाकरे भी मौजूद थे। इनके अलावा शिवसेना सांसद संजय राउत भी यहां पहुंचे हुए थे।
नए समीकरण के हिसाब से अब राज्य में विधान परिषद की नौ सीट के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि शिवसेना और एनसीपी के दो-दो और कांग्रेस का एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस हिसाब से लगभग सभी का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है।
